नई टिहरी, 13 नवम्बर। जनपद टिहरी गढ़वाल के लिए गौरव का क्षण है। जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप के लिए जिले के पांच प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड टीम में हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में तीन बालक और दो बालिकाएं शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
किनका हुआ चयन:
खेल विभाग के अंतर्गत संचालित खेलो इंडिया सेंटर से अंडर-18 बालिका वर्ग में अंकिता एवं बबली ने अपनी जगह बनाई है। वहीं अंडर-18 बालक वर्ग में प्रियांशु का चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त खेल विभाग सेंटर से ही अंडर-18 बालक वर्ग में अजय एवं आदित्य ने भी उत्तराखंड टीम में स्थान हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है।
पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना टिहरी जनपद में खेल प्रतिभाओं की मौजूदगी और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है। यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

