अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट को तैयार, कहा- VIP का नाम आएगा सामने


देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उर्मिला सनावर ने न्यायालय में अपने बयान दर्ज कराए और नार्को टेस्ट व पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए सहमति दे दी। दोनों टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराए जाएंगे।

कोर्ट से बाहर निकलते ही उर्मिला सनावर ने कहा कि उन्होंने मां धारी देवी के दरबार में अंकिता को न्याय दिलाने का संकल्प लिया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस मामले में न्याय मिलेगा और कथित VIP का नाम भी सामने आएगा।

25 लाख और स्कॉर्पियो का ऑफर!

उर्मिला सनावर ने सनसनीखेज आरोप लगाया कि उन्हें फोन कर स्कॉर्पियो और 25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया तथा 26 तारीख को पेश न होने के लिए कहा गया। इनकार करने पर रात तीन बजे उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर गिरफ्तार कराने का आरोप भी उन्होंने लगाया। उन्होंने कहा कि ये बातें उन्होंने न्यायाधीश के सामने भी रखी हैं।

उर्मिला का दावा है कि नार्को टेस्ट से अंकिता हत्याकांड से जुड़े कथित VIP के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

उर्मिला के मुताबिक, टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं हुई है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। उनके परिवार का एक सदस्य और अधिवक्ता मौजूद रह सकेंगे, जबकि लाइव प्रसारण की अनुमति नहीं दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !