उत्तरकाशी, 3 नवंबर। उत्तरकाशी से बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। दुर्गम केदारताल ट्रेक पर लापता लोगों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीमों को बड़ी सफलता मिली है, लेकिन यह सफलता दर्दनाक खबर लेकर आई है। मंगलवार को सर्च अभियान के दौरान एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद किए गए हैं। छह लोग अभी भी लापता हैं।
4005 मीटर की ऊंचाई पर जारी है जिंदगी की तलाश –
मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे SDRF एवं अन्य रेस्क्यू टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो दोपहर 3 बजे तक चला। दुर्गम परिस्थितियों के बीच दो शव बरामद किए गए। घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर उतारने के लिए 4005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया गया है।
बुधवार को फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन
4 नवंबर को रेस्क्यू टीमें दोबारा अभियान शुरू करेंगी। अब छह लापता लोगों की तलाश सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
27 अक्टूबर को रवाना हुआ था दल
27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम और हिमस्खलन की चपेट में आने से 8 सदस्य लापता हो गए थे।

