हल्द्वानी में भीषण हादसा: बेलबाबा में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, VDO सौरभ बिष्ट समेत 2 की मौत, 2 घायल


हल्द्वानी – 3 नवंबर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी रामपुर रोड बेलबाबा से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में VDO समेत दो युवकों की ज़िंदगी चली गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर के रुद्रपुर रामपुर निवासी 29 वर्षीय राजीव गुप्ता अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी में अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटने आए थे। सोमवार को कार्ड बांटकर बाइक से वापस रुद्रपुर लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक बेलबाबा के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।

भिड़ंत में चारों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में राजीव गुप्ता और दूसरी बाइक पर सवार बेतालघाट ब्लॉक के VDO सौरभ बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजीव के बहनोई प्रेम शंकर और दूसरी बाइक पर सवार बृजेश सती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती किया गया है।

ओवरटेक बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरटेक करना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कौन थे VDO सौरभ बिष्ट
मृतक सौरभ बिष्ट मंगोलिया, कालाढूंगी के निवासी थे और नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। उन्हें एक साल पहले ही नियुक्ति मिली थी और वह परिवार के इकलौते बेटे थे।

शादी वाले घर में मातम
राजीव गुप्ता की भांजी भावना की शादी 15 नवंबर को होनी थी, लेकिन उससे पहले मामा की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *