ग्रीष्मकालीन राजधानी में दो दिवसीय सत्र, 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट होगा पेश, पूर्व सीएम खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि, 1500 जवान तैनात


भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 से विधानसभा का दो दिवसीय मानसून सत्र शुरू हो गया है। सत्र 27 और 28 अक्टूबर तक चलेगा।

सत्र की शुरुआत में सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत पूरे सदन ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (बीसी खंडूड़ी) को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।

सरकार इस सत्र में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी, जिसके प्रस्ताव को कैबिनेट पहले ही मंजूरी दे चुकी है। इसके साथ ही छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट और कई अध्यादेश भी सदन में पेश किए जाएंगे। विपक्ष ने मंत्रियों से 445 सवाल पूछने के लिए लिस्ट किए हैं।

सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुलाकात की। वहीं कांग्रेस विधानमंडल दल और भाजपा विधानमंडल दल की भी अलग-अलग बैठकें हुईं।

दूसरी तरफ सत्र के पहले ही दिन हंगामा भी देखने को मिला। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया। सदन के बाहर कांग्रेस विधायकों ने तख्ती लेकर नारेबाजी की। प्रधान संगठन के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्थायी जेल भेज दिया है।

विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भराड़ीसैंण क्षेत्र में करीब 1500 पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं। विधानसभा परिसर के बाहर लोहे के गेट और कंटीले तारों की बैरिकेडिंग लगाई गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !