रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत निर्मित महत्वपूर्ण पुल-सुरंग परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही जिला प्रशासन के अभिनव अभियान ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ के तहत स्थापित संगम लाइब्रेरी का भी अवलोकन कर सराहना की।
जानकारी के अनुसार चारधाम सड़क परियोजना के अंतर्गत रुद्रप्रयाग में लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से अलकनंदा नदी पर 200 मीटर लंबे पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है। पुल, सुरंग और संपर्क मार्ग सहित इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 1.18 किलोमीटर है।
ये महत्वपूर्ण परियोजना केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107) को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) से सीधे जोड़ेगी। सोमवार से इस पुल-सुरंग मार्ग पर ट्रायल के आधार पर आवागमन शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। इस मार्ग पर नियमित यातायात शुरू होने के बाद केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग बाजार से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान नगर में यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों व यात्रियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
CM धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर सड़क और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ढलान सुरक्षा कार्यों की भी जानकारी ली।
*संगम लाइब्रेरी में 2500 से अधिक किताबें, CM ने दिए 150 ग्रंथ*
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने संगम लाइब्रेरी का अवलोकन किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर शुरू इस अभियान को जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अब तक लाइब्रेरी को 2500 से अधिक पुस्तकें प्राप्त हो चुकी हैं, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं, साहित्य और सामान्य ज्ञान की किताबें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने भी इस अभियान में 150 पुस्तकें दान की हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, BKTC उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
रुद्रप्रयाग में CM धामी ने किया 156 करोड़ की पुल-सुरंग परियोजना का निरीक्षण, ट्रायल पर शुरू हुआ आवागमन, संगम लाइब्रेरी की सराहना की
