बौराड़ी स्टेडियम में अचानक उतरा हेलीकॉप्टर, मची अफरा-तफरी, टला बड़ा हादसा!


नई टिहरी: नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर अचानक स्टेडियम में उतर गया। हेलीकॉप्टर की तेज आवाज और लैंडिंग के दौरान उठे धूल के गुबार से वहां मौजूद लोग घबरा गए।

बताया जा रहा है कि स्टेडियम में उस वक्त बच्चे खेल रहे थे और कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को नीचे उतरता देख मौके पर हड़कंप मच गया।

सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी जा रहा था हेलीकॉप्टर

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा हेलीपैड से गुप्तकाशी होते हुए केदारनाथ की ओर जा रहा था। हेलीकॉप्टर में मुंबई के 6 यात्री सवार थे। इसी दौरान पायलट ने एहतियात के तौर पर बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला लिया। राहत की बात है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पायलट बोला- इमरजेंसी नहीं, प्रिकॉशन लैंडिंग थी

हेलीकॉप्टर के पायलट ने घटना को इमरजेंसी लैंडिंग मानने से इनकार किया। पायलट के अनुसार यह प्रिकॉशन लैंडिंग यानी एहतियाती लैंडिंग थी। सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टर को उतारकर उसकी तकनीकी जांच की गई। जांच के बाद कुछ देर रुककर हेलीकॉप्टर दोबारा गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया। हालांकि, किन कारणों से एहतियाती लैंडिंग की नौबत आई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- धूल उड़ी तो भागे लोग

प्रत्यक्षदर्शी परमानंद मेठानी ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर थे। तभी हेलीकॉप्टर तेज गति से स्टेडियम की ओर आता दिखा। आसपास बच्चे खेल रहे थे। लोगों को जब लगा कि हेलीकॉप्टर उतरने वाला है तो वे सुरक्षित स्थान की ओर भागे। लैंडिंग के दौरान भारी धूल उड़ी, जिससे लोग सहम गए।

फिलहाल सभी छह यात्रियों के सुरक्षित होने से राहत है, लेकिन आबादी वाले स्टेडियम में इस तरह की अचानक लैंडिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !