टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी के प्रतापनगर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक का एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
रात में फोन कर बुलाने का आरोप
मृतक के पिता धनपाल लाल निवासी ग्राम देवल, थाना लंबगांव ने आरोप लगाया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके पुत्र केतन (कीर्तन) लाल को खोलगढ़ गांव की एक युवती के मोबाइल फोन से कॉल कर बुलाया गया था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने केतन तथा उसके मित्र दिवाकर डिमरी के साथ मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों को बुरी तरह पीटा गया और उन्हें घर में बंधक बनाकर रखा गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
बताया जा रहा है कि दोनों युवक रातभर घायल अवस्था में पड़े रहे। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल केतन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दिवाकर डिमरी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले में थाना लंबगांव में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 09/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने अभियोग धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 3(2)(v) एससी/एसटी अधिनियम के तहत पंजीकृत किया है।
तहरीर में यशवीर सिंह पंवार पुत्र विद्याधर पंवार एवं उसके परिवार के सदस्यों को नामजद किया गया है।
नामजद आरोपी हिरासत में
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। विवेचना पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा को सौंपी गई है। साथ ही फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) को भी साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अभियुक्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
टिहरी पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मृतक के शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नियमानुसार संपादित की जा रही है।
