जिलाधिकारी टिहरी ने जनता मिलन कार्यक्रम के तहत सुनी लोगों की समस्याएं, मौके पर 23 शिकायत हुई दर्ज


टिहरी गढ़वाल:- जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार नई टिहरी में जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर 23 जन समस्याओं संबंधी पत्र दर्ज किये गये, जो पुनर्वास, राजस्व, स्वास्थ्य आदि विभागों से संबंधित रहे।

जनता मिलन कार्यक्रम में आराकोट टिहरी निवासी हिक्मत सिंह रावत ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी पारिवारिक भूमि संबंधी समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार टिहरी को मौके पर राजस्व टीम भेज कर जांच करने के निर्देश दिये। जे ब्लॉक नई टिहरी निवासी चेता देवी ने नई टिहरी कमरा आंवटन का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने एसीआरए को जांच कर पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। घण्टाघर बौराड़ी से आई सुनीता देवी ने आर्थिक तंगी के चलते आवास दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर अधिशासी अभियन्ता पुर्नवास नई टिहरी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी द्वारा जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, विधायक निधि, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों, विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक समाचारों, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) एवं पंचायत चुनाव आदि को लेकर समीक्षा कर संबंधित अधिकारियांे का आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिला योजना के अन्तर्गत कम वित्तीय प्रगति को लेकर अधीक्षण अभियन्ता लोनिवि का स्पष्टीकरण तलब किया गया। जिलाधिकारी ने जिला सेक्टर एवं राज्य सेक्टर के अन्तर्गत सभी संबंधित विभागों को कार्यों में प्रगति लाते हुए भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य को शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिये। सभी बीडीओ को विधायक निधि के अन्तर्गत इस्टीमेट उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को ग्राम गंगी मंे शिविर लगाकर लोगों के विद्युत कनेक्शन की कार्रवाई शुरू करने को कहा। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को व्यवहारिक रूप से लागू करने हेतु ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ईओ नगर पालिका/नगर पंचायत, डीपीआरओ, एसडीएम को लोगों से बात करने एवं मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

इस मौके पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम ए.के. पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम घनसाली संदीप कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *