स्कूल में जली हालत में मिली टीचर की डेडबॉडी, मचा हड़कंप, जानिये पूरा मामला


गैरसैंण:- गैरसैंण विकासखंड के कुनिगाड़ क्षेत्र में एक शिक्षक का शव जली हुई हालत में मिला है। पूरा मामला राजकीय इंटर कॉलेज कुनिगाड़ का है। यहां स्कूल परिसर में शिक्षक का जला हुआ शव मिला है। पास ही में एक डीजल का केन भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जानकारी के मुताबिक टीचर राजकीय इंटर कॉलेज कुनिगाड़ में तैनात था, वह अंग्रेजी के प्रवक्ता थे। टीचर की पहचान कनक लिंगवाल उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में हुई है,कनक लिंगवाल टिहरी जनपद के रहने वाले थे।

बता दें जब कुछ बच्चे सुबह दौड़ लगाने व अन्य खेल गतिविधियों के लिए स्कूल परिसर पहुंचे तो उन्होंने उक्त शिक्षक के जले हुए शव को देखा। उन्होंने आनन फानन में इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने थाना गैरसैंण को सूचित किया।

टीचर का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका

इस पूरी घटना को लेकर थाना अध्यक्ष गैरसैंण जयपाल सिंह नेगी ने कहा ‘एक व्यक्ति के शव के विद्यालय में मिलने की सूचना आज सुबह 8 बजे के लगभग थाना गैरसैंण को प्राप्त हुई। जिसके बाद थाना गैरसैंण व चौकी मेहलचोरी पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हुई।घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि एक व्यक्ति का शव विद्यालय में पड़ा हुआ था,वहीं शव की कुछ दूरी पर एक डीजल केन पड़ा हुआ था। जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह व्यक्ति इसी विद्यालय में अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत था।

पुलिस के मुताबिक हो सकता है सुसाइड केस:

थानाध्यक्ष गैरसैंण ने बताया कि पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा किया गया है व शव को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। मृतक शिक्षक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, वहीं शिक्षक ने इस प्रकार का आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसकी भी जांच की जा रही है। बताया कि पुलिस द्वारा हर पहलू को मद्देनजर रखते हुए आगे की जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !