घनसाली:- सीएचसी बेलेश्वर अस्पताल का हो रहा कायाकल्प, 1.96 लाख की लागत से किया जा रहा है सुधारीकरण कार्य


घनसाली/टिहरी:- विकासखंड भिलंगना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में लंबे इंतजार के बाद अस्पताल के भवनों का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। 1.96 लाख रुपये की लागत से अस्पताल के फर्श पर टाइल्स लगाने, बिजली पानी की लाइनों को दुरुस्त करने और रंगाई-पुताई का कार्य किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आगामी मई माह तक सभी कार्य पूरे हो जाएंगे, जिससे मरीजों और स्टाफ को राहत मिलेगी।

आपको बता दें कि सीएचसी बेलेश्वर की हालत लंबे समय से खराब थी। फर्श टूट चुका था, बिजली-पानी की लाइनें जर्जर हो चुकी थीं और फर्नीचर व मरीजों के बेड की स्थिति भी दयनीय थी। इस वजह से मरीजों और अस्पताल स्टाफ को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन बजट की कमी के कारण कार्य अधर में लटका था।

गत वर्ष डीएम मयूर दीक्षित ने अनटाइड फंड से 1.96 लाख रुपये की स्वीकृति दी, जिससे मरम्मत कार्य को हरी झंडी मिली। ग्रामीण निर्माण विभाग को अस्पताल मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई आशीष बहुगुणा ने बताया कि अस्पताल के फर्श पर टाइल्स लगाने का काम पूरा हो चुका है। अब बाहरी हिस्से में फाइबर सीट लगाई जा रही है। डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए नए फर्नीचर और मरीजों के लिए नए बेड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !