घनसाली में एलयूसीसी ने लोगों को लगाया करोड़ों का चूना, खाता धारकों व एजेंटों ने किया घनसाली शाखा के बाहर प्रदर्शन


घनसाली:- एलयूसीसी (लोनी अर्बन मल्टी-स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कंपनी) में खाताधारकों की धनराशि आहरित न होने पर उन्होंने जमकर हंगामा किया। साथ ही कंपनी और संचालकों के खिलाफ थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार को घनसाली क्षेत्र की महिला कृष्णा देवी, राजेश्वरी देवी, मोनिका देवी, दीपा देवी, राजी कविता देवी, सुलोचना देवी आदि ने घनसाली बाजार स्थित एलयूसीसी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन करते हुए पैसा हड़पने का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि लोगों की मेहनत की कमाई को कंपनी संचालकों ने ठिकाने लगा दिया है। स्थानीय मैनेजर हर्षमणि नौटियाल, राजपाल गुसाईं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कंपनी में एजेंट का कार्य कर रही कृष्णा ने बताया कि मैनेजर के झांसे में आने से करोड़ों रुपये डूब गए हैं।

उन्होंने बताया कि कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय नत्थुवाला में बंद हो गया है। कंपनी में क्षेत्र के लोगों के करीब पौने 2 करोड़ रुपये जमा हैं। लेकिन जनवरी 2024 से उनका कोई भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मैनेजर राजपाल सिंह से वार्ता कर धनराशि के भुगतान की मांग की।

शाखा प्रबंधक राजपाल ने बताया कि वर्तमान में सभी ग्राहकों के खाते होल्ड होने से भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिस पर महिलाएं आक्रोशित हो गई।

ग्रामीण हर्षिला देवी, लक्ष्मी देवी, निर्मला देवी, मोनिका देवी, कुसुम देवी, रीना देवी, मंजू देवी भी इस कंपनी में एजेंट का कार्य कर रही थे। उन्होंने थाने में तहरीर देकर पैसा वापस लाने की गुहार लगाई है।

वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि एलयूसीसी का मामला पूरे प्रदेश में चल रहा है। इसकी जांच करने के साथ ही सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !