मां दुध्याड़ी देवी के दर्शन हेतु 03 अप्रैल को अपने गृह क्षेत्र आरगढ़-गोंनगढ़ पहुंचेगी भारतीय क्रिकेट महिला टीम की क्रिकेटर राघवी बिष्ट


टिहरी गढ़वाल / घनसाली:- पिछले कुछ सालों में खेल जगत में सनसनी बनकर उभरी भारतीय क्रिकेट महिला टीम की खिलाड़ी राघवी बिष्ट किसी पहचान की मोहताज नही है। भिलंगना विकासखंड के चंगोरा गांव निवासी राघवी बिष्ट अपने गृह क्षेत्र में प्रसिद्ध अखिल ब्रह्मांड नायिका मां दुध्याड़ी देवी, पौनाड़ा गोंनगढ़ मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्रीमद देवी भागवत कथा में 03 अप्रैल को सम्मिलित होकर मां दुध्याड़ी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लेगी। इस अवसर पर उनकी माताजी नीलम रानी बिष्ट द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों हेतु विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है एवं समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुध्याड़ी देवी के आशीर्वाद लेने का आग्रह किया है।

देवभूमि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। एकेडमिक फील्ड हो या स्पोर्ट्स, बेटियां हर जगह धाक जमा रही हैं। वहीं अब क्रिकेट जगत में उत्तराखंड की बेटी राघवी बिष्ट ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। गली क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत करने वाली राघवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल के मैदान में कूदकर भारतीय क्रिकेट महिला टीम में जगह बनाकर राघवी बिष्ट ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

राघवी बिष्ट लंबे समय से अपने खेल से चर्चाओं में हैं और कीर्तिमान रच कर उत्तराखंड का मान बढ़ा रही है राघवी बिष्ट ने भारतीय क्रिकेट महिला टीम से अगस्त 2024 में महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की महिला टीम में नामित किया गया था। राघवी ने दिसम्बर 2024 को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला (,टी20 आई) मुकाबला खेलकर अपना अंतराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। राघवी ने तीसरे टी20 आई में नाबाद 22 गेंदों में 31 रन बनाए थे।

आपको बता दें कि राघवी बिष्ट टिहरी जनपद के भिलंगना विकासखंड स्थित चंगोरा गांव की रहने वाली है और वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में निवासरत है। राघवी बिष्ट के पिता आनंद बिष्ट प्रसिद्ध उधोगपति है एवं माता नीलम रानी बिष्ट पूर्व ब्लॉक प्रमुख भिलंगना व निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य गोंनगढ़ रह चुकी है।

वहीं क्षेत्र के सामाजिक सरोकारों में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग करने वाले भिलंगना ब्लॉक के पूर्व जेष्ठ प्रमुख पूरब सिंह पंवार ने समस्त क्षेत्रवासियों से उत्तराखंड की बेटी राघवी बिष्ट के अपने गृह क्षेत्र मां दुध्याड़ी देवी के दर्शन हेतु पहुंचने पर एवं विशाल भंडारे में सम्मिलित होकर राघवी बिष्ट को अपना आशीर्वाद देने हेतु पहुंचने का आग्रह एवं अपील की है। राघवी बिष्ट के अपने गृह क्षेत्र आरगढ़- गोंनगढ़ आगमन पर समस्त क्षेत्रवासियों में उत्साह एवं खुशी की लहर है।

वहीं मां दुध्याड़ी देवी दर्शन एवं आशीर्वाद लेने हेतु राघवी बिष्ट के साथ उनकी माताजी नीलम रानी बिष्ट व पिताजी आनंद बिष्ट, प्रसिद्ध उद्योगपति दिल्ली नरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व सभासद नगर पंचायत चमियाला शिवेंद्र रतूड़ी, उत्तम सिंह रावत व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील बिष्ट आदि लोग शिरकत करेंगे।


By शैलेन्द्र सिंह रावत

पहाड़ी खबरनामा न्यूज पोर्टल के सम्पादक शैलेन्द्र सिंह रावत है, जो कि बीते 13 सालों से पत्रकारिता जगत से जुड़े हैं, शैलेन्द्र सिंह रावत ने ईटीवी, न्यूज18 व जैन टीवी में कई वर्षो तक एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाऐं दी, वर्ष 2018 में उनके द्वारा पहाड़ी खबरनामा न्यूज पोर्टल की नीव रखी गयी, जो कि न्यूज पोर्टल के साथ ही Facebook, YouTube, Twitter और Instagram जैसे अन्य डीजीटल प्लेटफार्म पर भी पहाड़ी खबरनामा के नाम से ही उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *