रुद्रप्रयाग: जनपद के जखोली क्षेत्र में रविवार को अर्जुन बैंड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। वहीं एक व्यक्ति अभी लापता है, जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
दोपहर 12:59 बजे मिली सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर 2026 को दोपहर 12:59 बजे पुलिस कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को अर्जुन बैंड के समीप वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं स्थानीय चौकी जखोली पुलिस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
डीएसपी ने संभाली कमान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली।
दो मासूम बच्चियां भी घायल
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक चार घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनमें दो नाबालिग बालिकाएं भी शामिल हैं। उनकी पहचान शिवांशी रावत (15 वर्ष) एवं दिव्यांशी रावत (12 वर्ष), निवासी कुरछोला, जखोली के रूप में हुई है।
इसके अतिरिक्त दो अन्य व्यक्तियों को अचेत अवस्था में पाया गया, जिनके रेस्क्यू की कार्रवाई की जा रही है।
लापता की तलाश जारी
वहीं दुर्घटना में लापता एक व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
पुलिस एवं बचाव दल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। हादसे के कारणों तथा दुर्घटना में प्रभावित अन्य व्यक्तियों के विस्तृत विवरण की जानकारी जुटाई जा रही है।

