देहरादून: धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। विधायक ने अपनी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को बदले जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे अपने खिलाफ एक गंभीर साजिश बताया है।
हरीश धामी ने पत्र में मांग की है कि उनकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात गनर को पुनः बहाल किया जाए। उन्होंने साफ कहा है कि अगर पुराना गनर बहाल नहीं होता है, तो उन्हें नए गनर की कोई आवश्यकता नहीं है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
विधायक हरीश धामी का कहना है कि वे वर्तमान में सरकार और मुख्यमंत्री की मुखालफत कर रहे हैं। इसी कारण उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाकर नया गनर तैनात किया गया है।
पत्र में उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि नए गनर की तैनाती का उद्देश्य उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाना है, ताकि उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सके।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है या उनकी हत्या होती है, तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी।
फेसबुक पर भी जताई नाराजगी
हरीश धामी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक पर लिखा कि जनहित की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि धारचूला की जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले जनप्रतिनिधि की सुरक्षा में कटौती या बदलाव अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना एक विधायक का अधिकार और जनता के हितों की रक्षा करना उसका प्राथमिक कर्तव्य है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक दबाव या प्रतिशोध का माध्यम बनाना अनुचित है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि महामहिम राज्यपाल इस संवेदनशील प्रकरण में हस्तक्षेप कर सुरक्षा पुनः बहाल करने के निर्देश देंगे, क्योंकि किसी भी दबाव से जनहित के संघर्ष को डराया या दबाया नहीं जा सकता।
जौलजीबी मेले से शुरू हुआ विवाद
गौर हो कि इस सियासी घमासान की नींव बीते 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर पड़ी थी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब मेला समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक हरीश धामी का संबोधन नहीं हुआ।
जिसके बाद भड़के आक्रोश के बाद मंच पर जमकर हंगामा हुआ और कुर्सियां व माइक क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने मामले में विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया, जिन्हें बाद में न्यायालय से जमानत मिल गई।

