टिहरी: बोर्डिंग स्कूलों में सुविधाओं पर DM सख्त, बोलीं- बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं


टिहरी गढ़वाल – जनपद के बोर्डिंग स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समीक्षा बैठक की। बैठक में सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल तथा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में विद्यार्थियों की संख्या, कार्मिकों की उपलब्धता, पेयजल, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों के वार्डन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आमपाटा विद्यालय में पेयजल संकट, टैंकर से हो रही आपूर्ति

समीक्षा बैठक में नरेंद्रनगर के आमपाटा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आई। वर्तमान में विद्यालय में टैंकर के माध्यम से अस्थायी जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन इससे पानी की आवश्यकता पूरी नहीं हो पा रही है। जिलाधिकारी ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया।

विद्यालय के अपग्रेडेशन के संबंध में बताया गया कि भूमि उपलब्ध है और प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।

अखोड़ी में वार्डन और प्रतापनगर में अकाउंटेंट का पद रिक्त

बैठक में कार्मिकों की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि भिलंगना विकासखंड के अखोड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में वार्डन का एक पद तथा प्रतापनगर स्थित विद्यालय में अकाउंटेंट का एक पद रिक्त है। वहीं हेड कुक, असिस्टेंट कुक और चौकीदार के सभी पद भरे हुए हैं।

विद्यालयों में कंप्यूटर की मांग पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने आमपाटा, रौतू की बेली सहित संबंधित विद्यालयों को जल्द कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों की लाइब्रेरी में पुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें मुख्यालय से आवश्यक पुस्तकें प्राप्त करने को कहा गया।

इसके अलावा सोलर गीजर की मरम्मत के लिए उरेडा विभाग को निरीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने, जरूरत वाले विद्यालयों में रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजने तथा प्रतापनगर के सुजाड़ गांव स्थित विद्यालय में फेंसिंग की आवश्यकता पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नवोदय विद्यालय पौखाल में 541 विद्यार्थी अध्ययनरत

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में कुल 541 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 318 बालक और 223 बालिकाएं शामिल हैं। विद्यालय में शिक्षण संवर्ग के दो तथा गैर-शिक्षण संवर्ग का एक पद रिक्त है।

बैठक में विद्यालय में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति, खेल मैदान की मरम्मत, सोलर लाइट लगाने और पीआरडी कार्मिकों की तैनाती जैसी आवश्यकताओं को भी रखा गया।

देवलधार विद्यालय में बेड, टेबल और कुर्सियों की कमी

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में कुल 216 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 97 छात्र और 119 छात्राएं हैं। समीक्षा के दौरान विद्यालय में बाउंड्री वॉल और मुख्य प्रवेश द्वार की आवश्यकता बताई गई। इसके अतिरिक्त छात्रावास में बेड, स्टडी टेबल और कुर्सियों की कमी का मामला भी सामने आया।

बैठक में विद्यालयों में आईसीटी कक्ष, लाइब्रेरी, सीसीटीवी कैमरे, रूम हीटर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, ओपन जिम, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट और वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य, भोजन और स्वच्छता पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी अधिकारियों के संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने बच्चों के लिए आवश्यक आपातकालीन दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भोजन कक्ष और डाइनिंग व्यवस्था की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जिन विद्यालयों में बेडशीट, कंबल या अन्य आवश्यक सामग्री की कमी है, उन्हें तत्काल इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें।

जिलाधिकारी ने दोहराया कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित छात्रावास, स्वच्छ भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल सहित संबंधित विद्यालयों के वार्डन और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !