उमेश कुमार का बड़ा धमाका: बोले कल विधायकी से देंगे इस्तीफा, नई पार्टी बनाकर लड़ेंगे 8-10 सीटों पर चुनाव


गैरसैंण (भराड़ीसैंण)। भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन ही बड़ा राजनीतिक धमाका हो गया है। खानपुर विधायक उमेश कुमार ने विधायकी से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे कल (28 अक्टूबर) इस्तीफा देंगे। उन्होंने  कहा-“मेरा मन खिन्न हो चुका है। मैं दुखी और व्यथित हूं। हम लोग जिस जनपद से आते हैं उसकी लड़ाई भी सदन में नहीं लड़ पा रहे हैं। हमारे विधायक हमारे साथ खड़े होकर नहीं लड़ पा रहे हैं। मैं साढ़े चार साल से विपक्ष की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देखता रहा कि ये भ्रष्टाचार के मुद्दे पर साथ देंगे, जनता या किसानों के मुद्दे पर मेरा साथ देंगे, लेकिन विपक्ष ने भी हमारा साथ नहीं दिया। अब अकेले लड़ने वाली स्थिति है।”

उमेश कुमार ने कहा कि अब वे कोशिश करेंगे कि सदन में अपने लोगों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे वे हरिद्वार के लोगों की लड़ाई लड़ सकें। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना चाहते हैं।

नया विपक्षी दल बनाने के सवाल पर उमेश कुमार ने कहा कि वे एक प्रयास करेंगे। लोग अगर साथ जुड़ेंगे तो वे जरूर नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर लोग चाहेंगे कि वह महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार की बात करे तो वे साथ देंगे। वे 8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़वाने की सोच रहे हैं। जहां-जहां से लोग संपर्क करेंगे, वहां वे दस्तक देंगे।

उमेश कुमार ने कहा, “उत्तराखंड ने सभी दलों को देख लिया है, सभी को मौका दे दिया है। इसके बाद भी कुछ नहीं बदला है। ऐसे में वे अपनी ओर से बदलाव की कोशिश करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !