देहरादून: उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं और प्राथमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में खाली पड़े 400 से अधिक बेसिक शिक्षकों के पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।
क्या बोले शिक्षा मंत्री?
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के तमाम जिलों में बेसिक शिक्षकों के करीब 400 से अधिक पद खाली हैं। इन पदों को भरने से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
मंत्री ने साथ ही शिक्षकों के समायोजन के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में छात्र संख्या कम है, लेकिन वहां जरूरत से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं। ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों को उन स्कूलों में भेजा जाएगा जहां छात्र संख्या अधिक है लेकिन शिक्षक कम हैं।
प्रधानाचार्यों की पदोन्नति भी होगी तेज
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेजों (GIC) में प्रधानाचार्यों के खाली पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां बेहतर हो सकेंगी।
हर ब्लॉक में बनेगा खेल मैदान
बैठक में एक और बड़ा फैसला लिया गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले के ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसर में उपलब्ध कराएगा। इसको लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ जल्द ही एमओयू किया जाएगा, जिसकी SOP तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले विभागीय मंत्री की पहल पर प्रादेशिक खेलों के लिए युवा कल्याण और शिक्षा विभाग का संयुक्त वार्षिक खेल कैलेंडर भी लागू किया जा चुका है।

