ब्रेकिंग: नींद की आई झपकी, देवप्रयाग के पास कार बीच सड़क में पलटी


उत्तराखंड में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र के पंतगांव के पास नोएडा से श्रीनगर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि कार में सवार पति, पत्नी और बच्चे सभी सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि नोएडा निवासी अनुभव प्रसाद डिमरी, पुत्र वीरेंद्र प्रसाद, अपनी पत्नी और बच्चों के साथ श्रीकोट गंगानली (श्रीनगर) जा रहे थे। इसी दौरान पंतगांव के समीप चालक को झपकी आ गई, और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने पर चालक ने हैंडब्रेक खींचने की कोशिश की, लेकिन इससे वाहन सड़क पर पलट गया।

कार पलटने के बावजूद कोई गंभीर चोट नहीं आई और वाहन खाई की ओर गिरने से बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से कार को सीधा कर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया गया।

थानाध्यक्ष रावत ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ब्रेक लेना अनिवार्य है। विशेष रूप से रात्रि यात्रा या थकान की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ मामलों में वाहन खाई में गिरने, आग लगने और टक्कर की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर सक्रिय निगरानी बनाए हुए है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !